
भोपाल। मानसून की बेरुखी के चलते शहर भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। वातावरण में काफी नमी मौजूद है। गुरुवार को सुबह से धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तापमान बढऩे के कारण दोपहर के बाद राजधानी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। उधर पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक इंदौर में 32.8, बैतूल में सात, मंडला में 2.2, जबलपुर में 1.4, धार में 1.2, सागर में 1.2, नर्मदापुरम में 0.6, खंडवा में 0.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। मलाजखंड में बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मानसून ट्रफ हिमालय से नीचे आ गया है। वर्तमान में मानसून ट्रफ बाड़मेर, कोटा, जबलपुर, अंबिकापुर, बालासोर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात भी गुरुवार को कम दबाव के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन दो मौसम प्रणालियों के असर से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।
मानसून ट्रफ लाइन पहुंची गुना व कोटा
मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की तराई में थी, जिसकी वजह से मानसून ब्रेक आ गया था। बंगाल की खाड़ी के सक्रिय होने से मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति में आ गई। बुधवार को ट्रफ लाइन गुना-कोटा होते हुए गुजर रही है। इसके सामान्य स्थिति में आने से बंगाल की खाड़ी से नमी आना शुरू होगी। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवातीय घेरे के साथ सक्रिय है। इसके आगे बढऩे पर बादल छाएंगे और वर्षा की संभावना बढ़ेगी। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved