
इंदौर। शहर में स्कूल-कॉलेज और मंदिरों में चोरी करने वाली एक गैंग के आठ आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने एक सप्ताह में एक दर्जन चोरियां कबूली हैं। ये पैदल चोरी करने निकलते थे और लौटते समय रिक्शा से घर पहुंचते थे।
क्राइम ब्रांच ने कल बाणगंगा थाना क्षेत्र के एक गिरोह को फुटेज के आधार पर पकड़ा। इनमें दो बालिग और छह नाबालिग हैं। इन लोगों ने कबूला है कि एक सप्ताह में उन्होंने शहर में एक दर्जन मंदिरों और स्कूलों में चोरी की है। उनका कहना है कि वे ऐसे मंदिरों को निशाना बनाते थे, जहां पुजारी नहीं होता था। वहीं कॉलेजों में भी प्रिंसिपल के रूम का ताला तोड़ते थे।
पहली चोरी में इनको प्रिंसिपल के ऑफिस से 40 हजार और मोबाइल मिले थे, जो बांट लिए थे। ये लोग रोजाना पैदल घर से निकलते थे और आते समय रिक्शा में चोरी का सामान लेकर घर पहुंच जाते थे। घर के पास एक मैदान में ये चोरी का माल छुपा देते थे। इनमें से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इनके पास से पुलिस ने दो दानपेटी जब्त की हैं। इनमें एक सराफा के मंदिर से चुराई थी। इसके अलावा लैपटॉप और मोबाइल भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि चार मंदिरों को इन्होंने निशाना बनाया था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved