
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर (Bollywood actors Shahid Kapoor)और तृप्ति डिमरी (Tripti Dimri)इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ओ रोमियो(O Romeo) के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होने जा रही है और वैलेंटाइन वीक (Valentine’s Day)के मौके पर इसकी टीम कॉमेडी के सबसे बड़े मंच द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो(Great Indian Kapil Sharma Show) में पहुंची। नेटफ्लिक्स (Netflix)और कपिल शर्मा द्वारा शेयर किए गए इस एपिसोड के ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
ट्रेलर में शो का माहौल हमेशा की तरह हंसी और ठहाकों से भरा नजर आता है। विशाल भारद्वाज के साथ फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मंच पर मौजूद दिखती है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा कपिल शर्मा का शाहिद कपूर से पूछा गया एक सवाल। कपिल ने मुस्कुराते हुए शाहिद से पूछा कि क्या वैलेंटाइन्स डे पर उन्हें लड़कियों के मैसेज आते हैं भले ही वह शादीशुदा हों। सवाल सुनते ही शाहिद हल्का सा हिचकिचाए और फिर चतुराई से जवाब देते हुए बोले कि वे अभी बैकस्टेज अपने बच्चों की उम्र की बात कर रहे थे।
कपिल ने तुरंत मजाकिया अंदाज में कहा कि बच्चों को क्या पता चलेगा वे तो अभी बहुत छोटे हैं। इस पर शाहिद ने मुस्कुराते हुए ऐसा जवाब दिया जिसने दर्शकों को जोरदार हंसी में डुबो दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की मम्मी को काफी कुछ पता चल जाता है। शाहिद का यह जवाब उनकी हाजिरजवाबी और पारिवारिक समझ दोनों को दर्शाता है।
कपिल यहीं नहीं रुके। उन्होंने तृप्ति डिमरी की ओर रुख करते हुए पूछा कि क्या कॉलेज के दिनों में उन्होंने कभी लव लेटर लिखे थे। तृप्ति ने बिना झिझक कहा कि उन्होंने कभी लव लेटर नहीं लिखे लेकिन बहुत सारे पढ़े हैं। उनके इस जवाब पर स्टूडियो में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे। जज अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू भी तृप्ति की साफगोई से प्रभावित नजर आए।
ट्रेलर में सुनील ग्रोवर और कीकू शारदा अपने लोकप्रिय किरदारों रिंकू भाभी और ननद के अवतार में दिखाई देते हैं और मेहमानों के साथ मजेदार स्किट पेश करते हैं। उनकी एंट्री ने शो के माहौल को और भी हल्का और मनोरंजक बना दिया।
इस एपिसोड में अविनाश तिवारी और दिग्गज एक्ट्रेस फरीदा जलाल भी नजर आएंगी। फरीदा जलाल ने फिल्म के टीजर में गाली देते हुए सबको चौंका दिया था। शो में उन्होंने खुलासा किया कि विशाल भारद्वाज जब उनके घर फिल्म का ऑफर लेकर पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने पूछा कि क्या वह गाली देंगी। उन्होंने मुस्कुराते हुए हामी भर दी और बताया कि अगर बहुत बड़ी गाली नहीं होगी तो वह जरूर देंगी।
वैलेंटाइन डे स्पेशल यह एपिसोड रोमांस और कॉमेडी का जबरदस्त तड़का लेकर आ रहा है। शाहिद कपूर की चतुराई भरी बातों से लेकर तृप्ति की बेबाकी और कपिल शर्मा की टाइमिंग तक सब कुछ दर्शकों को खूब गुदगुदाने वाला है। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले यह एपिसोड प्रमोशन को नया रंग देता नजर आ रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved