
उज्जैन। आज सुबह जीवाजीगंज थाना पुलिस और नगर निगम का अमला हेलावाड़ी क्षेत्र में पहुँचा और यहाँ रहने वाले हत्या तथा अन्य अपराधिक मामलों के आरोपी का अवैध मकान तोड़ दिया। सुबह से इसको लेकर थाने में तैयारियाँ शुरू हो गई थी। इस दौरान सीएसपी सहित पुलिस बल तैनात था।
सीएसपी श्री नेगी ने बताया कि हेलावाड़ी निवासी रमीज पिता हफीज हत्या का आरोपी है और एक साल पहले इसने हेलावाड़ी में दुर्लभ कश्यप की हत्या की थी। आरोपी वर्तमान में जेल में सजा काट रहा है और उस पर मारपीट सहित अवैध हथियार रखने सहित अन्य 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पिछले दिनों नगर निगम से सूची मांगी थी जिसमें अपराधियों की अवैध संपत्ति में रमीज की भी संपत्ति का पता चला था। इस पर आज सुबह पुलिस टीम नगर निगम के दल के साथ 8 बजे हेलावाड़ी पहुँची और रमीज के मकान को ढहा दिया। इस दौरान उसके परिजनों ने विरोध किया लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। इधर मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। इधर पंवासा क्षेत्र में भी एक जगह पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस का दल गया हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved