
इन्दौर। नगर निगम की रिमूवल टीमों ने चौराहों पर छांव के लिए लगाए गए शेड हटाने का अभियान शुरू किया था और आज सुबह 3 बजे से एलआईजी चौराहे पर बचे आखिरी शेड को भी हटाने का काम शुरू किया गया। दिन में यातायात का दबाव ज्यादा रहने के चलते निगम ने रात 3 बजे कार्रवाई शुरू कराई, वहीं दूसरी ओर बिजासन रोड पर भी एक खतरनाक मकान के हिस्से निगम की टीम ने ढहा दिए। तेज हव-आंधी के चलते पिछले तीन दिनों से शहर में जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की शिकायतें आ रही थीं।
इसी के चलते नगर निगम द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न चौराहों पर छांव के लिए कम्पनियों की मदद से लगाए गए पक्के शेड हटाने का अभियान शुरू किया। अब तक पलासिया, हुकुमचंद घंटाघर और कई स्थानों से ऐसे शेड हटाए गए। निगम अधिकारियों के मुताबिक अंतिम शेड एलआईजी चौराहे पर बचा था। दिन में वहां यातायात का दबाव अधिक रहता है, जिसके चलते वहां कार्रवाई कर पाना संभव नहीं हो रहा था। इसी के मद्देनजर आज सुबह 3 बजे से निगम की रिमूवल टीम एलआईजी चौराहे पहुंची और गैस कटर की मदद से शेड को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। सुबह तक शेड हटाने की कार्रवाई जारी थी। दूसरी ओर नगर निगम ने 9, बिजासन रोड पर बने उमेश कुमार के खतरनाक मकान के हिस्से ढहा दिए और कुछ दिनों पहले निगम ने उक्त खतरनाक मकान के कुछ हिस्से ढहाए थे, लेकिन कल तेज हवा-आंधी के चलते फिर मकान के कुछ हिस्से गिरे थे, जिसके चलते आज सुबह निगम की टीम वहां पहुंची और खतरनाक हिस्से पूरी तरह ढहा दिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved