
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के नरीमन प्वाइंट इलाके में शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत (Shiv Sena spokesperson Sanjay Raut) और भाजपा नेता आशीष शेलार (BJP leader Ashish Shelar) की गोपनीय बैठक के बाद राज्य की राजनीति में अटकलों का बाजार गर्म है। इस बैठक को राज्य में आगामी कुछ दिनों में होने वाले सत्ता परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।
विश्वस्तू सूत्रों के अनुसार शनिवार को संजय राऊत और आशीष शेलार नरीमन प्वाइंट इलाके में स्थित मेकर चेंबर नामक एक भवन में मिले और इन दोनों ने तकरीबन घंटाभर तक बातचीत की। इसके बाद दोनों नेता एक के बाद भवन से बाहर निकले और अलग-अलग दिशा में चले गए लेकिन दोनों मीडिया के कैमरों में कैद हो गए, इसलिए इस बैठक को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि संजय राऊत और आशीष शेलार दोनों अभिन्न मित्र हैं। इसलिए इन दोनों की मुलाकात को लेकर अलग अर्थ नहीं निकालना चाहिए। विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर ने कहा कि दो अलग-अलग दलों के नेता आपस में मिल सकते हैं। इसमें किसी भी तरह की बुराई नहीं है। हां, अगर शिवसेना भाजपा के साथ आना चाहती है तो भाजपा उससे दूरी बनाए रखेगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि अगर दो दल के नेता आपस में मिलते हैं तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। किसी भी दल का नेता किसी भी दल के नेता से मिल सकता है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने राकांपा और शिवसेना के नेताओं के भ्रष्टाचार के मामलों को पुरजोर तरीके से उजागर करना शुरू किया है। इसके मद्देनजर संजय राऊत और आशीष शेलार की मुलाकात को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। महाराष्ट्र में कुछ दिनों में ही बड़े पैमाने पर उलटफेर की अटकलें लगाई जा रही हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved