
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का बदलने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अगला चुनाव शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। वे मप्र में अच्छा काम कर रहे हैं। विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि अन्य राज्यों में भाजपा ने जिस तरह से मुख्यमंत्री बदले थे, मप्र को लेकर पार्टी ने अभी कोई ऐसा निर्णय नहीं किया है। विजयवर्गीय ने कहा कि मप्र पहला प्रदेश जिसने महिला अपराधों पर रोक लगाने के कठोर प्रविधान किए। मप्र में बुलडोजर पहले से चल रहा है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष धराशायी हो गया है। इसके चलते तीसरे मोर्चे की संभावना फिलहाल धूमिल हो गई। भाजपा में वंशवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान पर विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशानुरूप ही काम होगा। वंशवाद पर विजयवर्गीय ने ज्यादा कुछ कहने से परहेज किया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved