
इंदौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त इंदौर के पर्यवेक्षक गुरजीत सिंह ओजाल बहुत ज्यादा व्यस्त हैं। यही कारण है कि वह सबसे पहले उन्हें आवंटित किए गए शहर आ गए। सभी पर्यवेक्षक उन्हें दिए गए शहर में दौरा करने के लिए 11 जून को पहुंचेंगे, लेकिन इंदौर के पर्यवेक्षक 4 जून को ही आ गए। वे 6 जून तक यही रुकेंगे। इसके बाद में वापस चले जाएंगे। फिर 17 से 20 जून यहां रहेंगे, फिर 27 से 30 जून यहां रहेंगे। इस तरह 30 जून तक की अवधि में उनके द्वारा तीन बार में 10 दिन का शहर का दौरा किया जाएगा।
जब पूरे प्रदेश के हर शहर और जिले में पर्यवेक्षक 11 जून को पहुंचने वाले हैं तो इंदौर में पर्यवेक्षक इतनी जल्दी क्यों आ गए? इस सवाल का जवाब भी पर्यवेक्षक ने खुद ही दे दिया। कांग्रेस के नेताओं से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि मेरी भतीजी की शादी है। उसकी तैयारी में लगा हूं। फिर उसके साथ में पंजाब में उपचुनाव भी हो रहे हैं। वहां भी स्थिति को देखना है, इसलिए काम बहुत ज्यादा है। ऐसे में इंदौर में लोगों से मिलकर शहर अध्यक्ष को लेकर अपनी अनुशंसा भी देना है। अब पर्यवेक्षक की इस व्यस्तता को देखते हुए कांग्रेस के नेता ही कहने लगे हैं कि वह कांग्रेस के नए शहर अध्यक्ष के चयन में बहुत ज्यादा समय नहीं दे सकेंगे, तो फिर सही और बेहतर चयन कैसे होगा?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved