
इन्दौर। बलात्कार के मामले में एक साल से महू उपजेल में बंद एक कैदी कल जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। सुबह हुई घटना का पता दोपहर बाद जेल अधिकारियों को लगा। घटना के बाद जेल के एक प्रहरी को सस्पेंड कर दिया गया है।
महू जेल के जेलर मनोज चौरसिया ने बताया कि कल सुबह 10 बजे के करीब जब जेल में पानी का टैंकर आने पर कैदी पानी भर रहे थे, उस दौरान भोजशाला के पास बने गोदाम के पास वाली 14 फीट दीवार फांदकर बलात्कार के मामले में बंद कैदी भेरू पिता गिरधारी आदिवासी भाग निकला।
आरोपी एक साल से यहां बंद था। उसने अपनी शर्ट की दोनों बांहें फाड़ ली थीं और खाना बनाने के काम आने वाले लोहे के पलटे से लकड़ी बांधकर दीवार कूदने का प्रयास किया। इसके चलते वह ऊंचाई से गिर गया और पैर में चोट भी आई। भागने के दौरान उसके एक सहयोगी जगदीश कंजर, जो इंदौर का रहने वाला है तथा बलात्कार के केस में बंद है, ने उसे मदद की। बताया जा रहा है कि दोपहर में जेल बंद हो गई थी। उस वक्त प्रहरी लखन निगवाल ने कैदियों की गिनती नहीं की थी, जिससे पता भी नहीं चल पाया। दोपहर बाद जब शाम का खाना बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई, तब एक कैदी ने गोदाम के पास कुछ लकड़ी देखी तो शंका हुई। उसने जेलर को बताया। अलॉर्म होने पर तलाशी ली गई, जिसमें एक कैदी कम मिला।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved