इस्लामाबाद। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार (Shehbaz Sharif government) ने पूर्व सेना अधिकारी मेजर (रिटायर्ड) आदिल राजा को अनुसूची 4 के तहत आतंकवादी घोषित (Declared a terrorist) कर दिया है। आदिल राजा ने इस फैसले को ट्रांसनेशनल दमन की कार्रवाई करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में आदिल राजा ने कहा कि पाकिस्तानी सरकार ने उन्हें अनुसूची 4 में शामिल करके आतंकवादी घोषित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम सैन्य प्रतिष्ठान के आलोचकों के खिलाफ चलाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय दमन अभियान का हिस्सा है।
आतंकवादी घोषित होने को खारिज करते हुए आदिल राजा ने कहा कि इसका उद्देश्य असहमति की आवाज को दबाना है। उन्होंने कहा कि वे अपना काम जारी रखेंगे और इस कदम को पाकिस्तान में तानाशाही के खिलाफ अपने विरोध का प्रमाण बताया। उन्होंने बलूच कार्यकर्ता महरंग बलूच और जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान सहित अन्य आलोचकों और कैदियों के साथ एकजुटता जताई और कहा कि यह घोषणा उन्हें खुलकर बोलने से नहीं रोक सकेगी।
हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से आदिल राजा के दावों या उनके नाम को अनुसूची 4 में शामिल करने के कारणों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बता दें कि ये सब लंदन के बाहरी इलाके में आदिल राजा के घर पर हाल ही में हुई चोरी के बाद हुआ है। राजा के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उसको तहस-नहस कर दिया। उस समय घर में कोई नहीं था। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की, FIR दर्ज की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आदिल राजा ने इस घटना को ब्रिटेन में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दमन से जोड़ा है, जिसे उन्होंने विदेशों में रहने वाले पाकिस्तानी आलोचकों और असंतुष्टों को निशाना बनाने वाले दमन के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि यह घटना कैम्ब्रिज में पूर्व पाकिस्तानी मंत्री शहजाद अकबर पर हुए टार्गेटेड हमले के तुरंत बाद हुई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved