
इंदौर। शहर के तापमान में लगातार बढ़ोतरी का दौर जारी है। कल रात न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के करीब पहुंच गया। चौंकाने वाली बात यह है कि न्यूनतम तापमान में पांच दिनों में 10 डिग्री की बढ़त आई है। पिछले 24 घंटों में ही तापमान 4 डिग्री बढ़ गया है। वहीं दिन के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी आ रही है। वहीं आज सुबह से मौसम का मिजाज बदला नजर आ रहा है। सुबह से आसमान पर बादल छाए रहे और सूरज 9.30 बजे के बाद नजर आया। इसके बाद भी बादलों से धूप की आंख-मिचौनी चलती रही।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री रहा, जो सामान्य, लेकिन परसों की अपेक्षा 0.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 4 डिग्री ज्यादा था। यानी 24 घंटों में ही तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं पिछले दिनों से तुलना करें तो 6 दिन पहले 18 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री था। इसकी अपेक्षा कल रात के तापमान में 10 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई है, यानी 6 रातों में ही तापमान 10 डिग्री बढ़ गया। इस दौरान हवाओं की दिशा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 17 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।
कमजोर पड़ी ठंड
पिछले दिनों जहां सूरज ढलते ही बर्फीली हवाएं शहर को अपनी चपेट में ले रही थीं और शीतलहर चल रही थी, वहीं पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि के कारण ठंड का असर कम हुुआ है। रात तक भी ठंड में वो चुभन नहीं है, जो ठिठुरन पैदा कर दे। वहीं दिन में तो तेज धूप में गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि शुक्रवार से तापमान में कमी आएगी, लेकिन यह बहुत ज्यादा नहीं होगी।
ऊपर निकला पारा
मौसम विभाग के अनुसार कल रात से पहले 4 नवंबर की रात को न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री पर था और यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था। इसके बाद से तापमान में गिरावट बनी हुई थी। इस तरह कल रात 20 दिनों के बाद न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के करीब पहुंचा है और सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा के स्तर पर पहुंचा है। बीच के समय में 14 रातों तक शीतलहर का प्रकोप रहा है और तापमान सामान्य से 6 से 9 डिग्री तक नीचे रहा है।
एक नजर 6 दिनों मेें 10 डिग्री बढ़े तापमान पर
तारीख अधिकतम न्यूनतम
18 नवंबर 26.4 6.9
19 नवंबर 26.6 8
20 नवंबर 27.1 8.4
21 नवंबर 28.8 9.4
22 नवंबर 29 11.7
23 नवंबर 29.4 12.8
24 नवंबर 29.6 16.8
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार, आंकड़े डिग्री सेल्सियस में)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved