
सतना। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) शनिवार को सतना जिले (Satna district) के सिंहपुर (Singhpur) पहुंचे। यहां उन्होंने भारी बारिश के बीच आयोजित मातृ शक्ति उत्सव (Matri Shakti Utsav) में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लाड़ली बहनों को हर महीने 3000 रुपए देने का अपना लक्ष्य भी बताया। इसके लिए उन्होंने समय की भी घोषणा कर दी।
मुख्यमंत्री यादव ने सतना जिले को कई करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राम मंदिर बन रहा था तब कांग्रेस ने उसका विरोध किया और अड़ंगे लगाए। कहा कि राम हमारे जीवन का हिस्सा हैं। हम किसी से मिलते हैं तो राम-राम, अच्छा होता है तो जय श्रीराम और भगवान राम के साथ जीवन जीते जीते अगर शरीर छूट जाए तो राम नाम..आगे सबको मालूम है। यह तीसरा शब्द कांग्रेस के लिए बोलने लायक है। इनका हाल वही होने वाले है। क्योंकि इन्होंने कभी भी राम को मन में नहीं लाए जिनके प्रति करोड़ों लोग आस्था रखते हैं।
करोड़ों की विकास परियोजनाएं समर्पित कीं
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान जिले को करोड़ों की विकास परियोजनाएं समर्पित कीं और प्रशासनिक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने चित्रकूट की धार्मिक महत्ता का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि भगवान राम और माता सीता ने चित्रकूट को अपनाया है। हमारी संस्कृति आज भी सीता-राम और राधे-कृष्ण जैसे आदर्शों से भरी है।
लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ी घोषणा की। कहा कि लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। दीपावली से लाड़ली बहनों को प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि 1250 से बढ़ाकर 1500 की जाएगी। साथ ही साल 2028 तक यह राशि बढ़ाकर 3000 प्रति माह करने का लक्ष्य रखा गया है। आदिवासी बेटियों को डॉक्टर, इंजीनियर और उद्यमी बनाने की योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार इस योजना पर 1500 करोड़ रुपए से अधिक खर्च कर रही है। इसका उद्देश्य आदिवासी बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरगी डैम का पानी जल्द ही सतना के खेतों तक पहुंचेगा। अब तक 55 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित की जा चुकी है। 2028 तक 100 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। कहा कि गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2700 रुपए प्रति क्विंटल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट और सतना के धार्मिक स्थलों को धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और जिले की धार्मिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद और स्थानीय विधायक भी मौजूद रहे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved