
उज्जैन। परसों तड़के गुजरात से आए एक व्यक्ति से माल गोदाम के समीप तीन बदमाशों ने मारपीट की और उसके रुपए लूटकर भाग निकले थे। बदमाशों की बाईक पीडि़त ने पहचान ली थी और उस पर आधार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। एक आरोपी फरार था जिसके परिजनों को पुलिस ने सूचना भेजी की कल सुबह तुम्हारा मकान तोड़ देंगे। इस डर से आरोपी पुलिस के हाथ आ गया। देवासगेट थाना पुलिस ने बताया कि राजगढ़ निवासी प्रेमसिंह सेन गुजरात में काम करता है और परसों सुबह 4 बजे वह गुजरात से उज्जैन पहुँचा था। इस दौरान तीन बदमाश उसके पास आए और मारपीट कर उसका पर्स छीनकर भाग निकले।
इसके बाद प्रेमसिंह ने थाने जाकर रिपोर्ट लिखाई और पुलिस बताया कि बदमाश जिस बाईक से भागे हैं उस पर लिखा है अपनो से सावधान। इस पर पुलिस ने तलाश शुरू की और वारदात वाले दो आरोपियों को पकड़ लिया था लेकिन एक आरोपी गोपाल पिता सरदार निवासी ढोली मोहल्ला फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी लेकिन वह हाथ नहीं आया। इस पर पुलिस ने जीवाजीगंज थाने के सामने रहने वाले आरोपी के परिवार को कल बताया कि तुम्हारा मकान कल तोड़ दिया जाएगा। मकान टूटने के डर से आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुँच गया। पुलिस ने उसके कब्जे से साढ़े 3 हजार रुपए जब्त कर लिए हैं जबकि 500 रुपए उसने खर्च कर दिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved