
जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्षाबंधन पर्व की रात सगनहाई के पास नारायण धाम निवासी शेख अनस अपने भाई और दो दोस्तों के साथ चौपहिया वाहन से वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में 25 से 30 अज्ञात उपद्रवियों ने घेराबंदी करके अचानक जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डायल 112 के आरक्षक नरेश कुमार शेन्डे के साथ भीड़ ने झूमाझटकी करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी और नेम प्लेट तोड़ दी।
एडिशनल एसपी बोले,मामले की जांच जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता, विवाद की असल वजह और दोनों पक्षों के बयानों की पारदर्शी पड़ताल सुनिश्चित करने के लिए संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच करने का प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। जाखड़ ने कड़े शब्दों में कहा कि पुलिस पर हाथ उठाने वाले और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के जरिए की जा रही है, जिसके आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक धाराओं में कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उपद्रवियों ने रास्ता रोककर की भारी मारपीट
नारायण धाम निवासी पीडि़त युवक जब अपने निजी काम से लौट रहे थे, तब सगनहाई के पास पहले से घात लगाए बैठे असामाजिक तत्वों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से लैस होकर वाहन के अंदर बैठे युवकों को बाहर खींचा और सड़क पर ही अंधाधुंध पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावर युवकों के घर के बाहर तक जा पहुंचे और वहां खड़ी गाड़ी पर पथराव करके सारे शीशे चकनाचूर कर दिए। इस अप्रत्याशित हमले में चारों घायल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े, जिससे पूरे रिहायशी क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved