
इन्दौर। पूरे शहर को प्रवासी सम्मेलन के लिए चकाचक किए जोन का सिलसिला चल रहा है, लेकिन वहीं दूसरी और रामबाग पुल पर इतना विशालकाय गड्ढा हो गया है कि कोई भी राहगीर वहां से सीधे नीचे कान्ह नदी में गिर सकता है। वहां सुधार कार्य की जगह निगम ने अस्थायी तौर पर स्टापर लगाकर खनापूर्ति कर दी।
शहर के वर्षों पुराने दो पुल रामबाग और शास्त्री ब्रिज की हालत खस्ताहाल है। हालांकि शास्त्री ब्रिज को नए सिरे से बनाने के लिए बड़ी बैठक हुई थी और रेलवे और निगम इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार करने में जुटे हैं, वहीं वर्षों पुराना रामबाग पुल भी जगह जगह से खस्ताहाल हो रहा है। इससे पहले वहां करीब दो साल पहले मरम्मत के कार्य करा लिए गए थे और पुलों के आसपास बड़ी जालियां, रैलिंग लगाई गई थी। पिछले एक सप्ताह से वहां पुल पर विशाल गड््ढा हो गया है, जिसकी मरम्मत की जानी थी, लेकिन निगम के अधिकारियों ने वहां स्टापर लगा डाले। दिनभर में वहां कई राहगीर न केवल निकलते हैं, बल्कि छोटे यात्री वाहनों का आवागमन भी होता है। पूरे शहर में इन दिनों सडक़ों को संवारने के काम चल रहे हैं, लेकिन रामबाग पुल का उक्त हिस्सा अधिकारियों की नजर में नहीं आ रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved