
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा कल दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर आजीवन सहयोग निधि एकत्र करने का अभियान शुरू किया जा रहा है। इस बार इंदौर शहर से 3 करोड़ रुपए इक_ा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य स्थानीय इकाई द्वारा निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को अभी प्रदेश इकाई की मंजूरी मिलना बाकी है। भाजपा कार्यालय में कल आयोजित की गई बैठक में आजीवन सहयोग निधि के महत्वपूर्ण अभियान को मंगलवार से शुरू करने के बारे में प्रारंभिक चर्चा हुई है। इस चर्चा में निर्धारित किया गया कि इस अभियान को पार्टी संगठन द्वारा अपने सभी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष सुमित मिश्रा द्वारा इंदौर शहर से 3 करोड़ की राशि का संग्रहण इस अभियान के तहत करने का फैसला लिया गया है। ध्यान रहे कि पिछली बार जब यह अभियान चलाया गया था उस समय इंदौर से 6.44 करोड़ की राशि का संग्रहण तत्कालीन अध्यक्ष गौरव राणदिवे द्वारा कराया गया था। इस अभियान के लिए इंदौर शहर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव को संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जवाहर मंगवानी और पराग लोंढे को सहप्रभारी बनाया गया है।
इस अभियान के लिए भाजपा द्वारा 12 फरवरी को एक कार्यक्रम का आयोजन भी लाभ मंडपम में किया जा रहा है। इस अभियान के प्रदेश संयोजक गोपीकृष्ण नीमा का कहना है कि वर्तमान में जो लक्ष्य का निर्धारण हुआ है वह नगर इकाई द्वारा स्वयं किया गया है। प्रदेश इकाई द्वारा इस लक्ष्य का निर्धारण किया जाना या वर्तमान नगर इकाई के लक्ष्य की पुष्टि की जाना अभी शेष है। बीजेपी के इंदौर नगर कार्यालय पर वर्षभर में होने वाले खर्च का एनालिसिस करने के आधार पर ही लक्ष्य का निर्धारण किया जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved