
डेस्क। सलमान खान (Salman Khan) की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक हर उम्र के लोग उन्हें पसंद करते हैं। 25 जुलाई को दिल्ली (Delhi) के तीन नाबालिग लड़के (Three Minor Boys) गायब हो गए। बताया गया कि ये तीनों लड़के सलमान खान से मिलने के लिए घर से निकले थे। अब तीनों को ढूंढ लिया गया है। तीनों सही सलामत हैं।
सूत्रों के मुताबिक जो तीन लड़के दिल्ली से गायब हुए थे, उनकी उम्र 13, 11 और नौ साल है। तीनों लड़के दिल्ली के सदर बाजार में मौजूद एक ही स्कूल में साथ में पढ़ते हैं। तीनों बच्चे अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस ने तीनों को ढूंढना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक तीनों लड़के महाराष्ट्र में वाहिद नाम के एक व्यक्ति से एक गेमिंग एप के जरिए बात कर रहे थे। वाहिद ने लड़कों से कहा कि एक बार वह सलमान खान से मिल चुका है। उसने लड़कों से वादा किया कि वह उन्हें सलमान खान से मिलवा सकता है। लड़कों ने व्यक्ति पर भरोसा करते हुए मुंबई जाने का प्लान बनाया। लड़कों ने अपने घर पर बिना बताए 25 जुलाई को अपना घर छोड़ दिया। उनके घरवाले परेशान हुए और उन्होंने पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
शुरुआती जांच में पुलिस ने एक लड़के के घर से हाथ से लिखा हुआ एक नोट बरामद किया। नोट में लिखा हुआ था कि वह वाहिद से मिलने जालना जा रहे हैं। इसके बाद वह सलमान खान से मिलेंगे। इसके बाद उन्हें अजमेरी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया। पुलिस ने अंदाजा लगाया कि लड़के ट्रेन से महाराष्ट्र गए होंगे।
जब वाहिद को पता चला कि इस मामले में पुलिस शामिल हो गई है तो उसने बच्चों को सलमान से मिलवाने का प्लान रद्द कर दिया। इसके बाद तीनों लड़के नासिक में उतर गए। फोन के जरिए पुलिस ने बच्चों को ढूंढ लिया। तीनों लड़के नासिक रेलवे स्टेशन पर सही सलामत मिले। तीनों बच्चों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। तीनों को उनके परिवार के हवाले कर दिया गया है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved