वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald trump) के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो (Peter navarro) के भारत संबंधी बयान की फैक्ट चेक सोशल मीडिया मंच एक्स द्वारा किए जाने पर वे एलन मस्क पर भड़क गए। उन्होंने भारत पर अमेरिका की आंतरिक राजनीति में दखल देने का आरोप लगाया और फैक्ट चेक को प्रचार करार दिया। दो बार फैक्ट चेक किए जाने के बाद सोमवार को नवारो ने भारत पर तीखा हमला बोला, रूसी तेल से मुनाफा कमाने और इसे यूक्रेन संघर्ष से जोड़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने लिखा कि यह एक्स की और बकवास। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने से पहले भारत ने इतनी मात्रा में रूसी तेल नहीं खरीदा था। यह खून का पैसा है, लोग मर रहे हैं। नोट्स में नवारो ‘मदर जोन्स’ वेबसाइट पर विशेष रूप से नाराज दिखे, जिसमें कहा गया था कि तथ्यों को ‘विदेशी झूठ’ कहना गलत सूचना है, जिसके लिए नवारो जाने जाते हैं। हालांकि, जांच में पता चला कि वह लेख हटा दिया गया है।
भारत के खिलाफ नवारो का गुस्सा
नोट में कहा गया कि भारत की रूसी तेल खरीद ऊर्जा सुरक्षा के लिए है, न कि केवल मुनाफे के लिए, और यह प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं करता। भारत पर कुछ टैरिफ हैं, लेकिन अमेरिका का उसके साथ सेवाओं में व्यापार अधिशेष है। अमेरिका भी रूस से कुछ सामान आयात करता है, जो पाखंड है।
नवारो ने मस्क पर साधा निशाना
फैक्ट चेक से नाराज नवारो ने मस्क पर सीधा हमला बोला, लिखा, ‘वाह! एलन मस्क लोगों के पोस्ट में प्रचार फैला रहे हैं। यह नोट बकवास है। भारत रूस से तेल सिर्फ मुनाफे के लिए खरीदता है। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने से पहले उसने तेल नहीं खरीदा था। भारत सरकार अपनी प्रचार मशीन तेजी से चला रही है। यूक्रेनियों को मारना बंद करो। अमेरिकियों की नौकरियां छीनना बंद करो।’
इसके बाद एक्स ने फिर फैक्ट चेक की और दोहराया कि भारत का ऊर्जा व्यापार संप्रभु निर्णय है और अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में है। एक्स ने नवारो के दावों को पाखंडी बताया, कहा कि भारत की वैध तेल खरीद ऊर्जा सुरक्षा के लिए है और कानून का उल्लंघन नहीं करती। अमेरिका, भारत पर दबाव डालते हुए यूरेनियम जैसे रूसी सामानों का अरबों डॉलर का आयात जारी रखे हुए है, जो उसके दोहरे मापदंडों को उजागर करता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved