
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस के नेता की जमीन से करोड़ों की नकदी बरामद। बदुरिया नगरपालिका के अध्यक्ष दीपांकर भट्टाचार्य के खेती वाली जमीन की खुदाई की। यहां से चार ट्रॉली बैग और एक बोरी में नकद रुपये मिले। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी।
वहीं, भट्टाचार्य को पिछले सोमवार को एक होटल में भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। ट्रॉली बैग और बोरियों से बरामद नोटों,में मुख्य रूप से 500 रुपये के नोट थे। इसकी गिनती कुछ बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में कई बार की गई। राज्य पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की बरामद कुल राशि 2.24 करोड़ रुपये रही।
सोमवार को बदुरिया के एक होटल में भट्टाचार्य की गिरफ्तारी के समय उनके पास से 80 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि इसका मतलब है कि अब तक उनसे बरामद कुल नकदी 3.04 करोड़ रुपये हो गई है। भट्टाचार्य को मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया।
इस घटनाक्रम के बारे में राज्य पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान भट्टाचार्य ने कबूल किया कि उसने अपनी कृषि भूमि में और अधिक नकदी छिपा रखी थी। बुधवार दोपहर को पुलिस भट्टाचार्य को खेत में ले गई और जमीन खोदने के बाद पुलिस को चार ट्रॉली बैग और एक बोरी मिली, जो सभी नकदी से भरी हुई थीं।
पुलिस के अनुसार, भट्टाचार्य के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे थे। इससे पहले, पुलिस ने बदुरिया में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय कार्यालय और भट्टाचार्य के स्वामित्व वाले एक बगीचे वाले घर से लगभग 4,000 सरकारी तिरपाल बरामद किए थे। बदुरिया नगरपालिका के अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गईं। एक सीपीआई (एम) की ओर से और दूसरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से। इन शिकायतों के आधार पर सोमवार रात को भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया गया और उनसे 80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
अब सवाल उठ रहे हैं कि भट्टाचार्य के पास इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कैसे हो सकती थी? फिलहाल उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के दो आरोप हैं पहला आरोप ‘बंग्लार बारी’ के तहत आवंटन के लिए कमीशन लेने का है, जो कि राज्य की अपनी आवास योजना है जिसे पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू किया गया था। वहीं, दूसरा आरोप स्थानीय लोगों, विशेष रूप से बदुरिया के व्यापारियों से जबरन वसूली करने का है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved