वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने गुरुवार को ऐलान किया कि वह मारे गए दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली किर्क को मरणोपरांत अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान करेंगे। पेंटागन में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि चार्ली अपनी पीढ़ी के महान व्यक्तित्व थे, स्वतंत्रता के योद्धा और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उन्होंने घोषणा की कि मैं जल्द ही चार्ली किर्क को मरणोपरांत ‘प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम’ से सम्मानित करूंगा।
राष्ट्रपति ने किर्क की मौत को बटलर, पेंसिल्वेनिया में हुई गोलीबारी और अन्य चर्चित हिंसक घटनाओं से जोड़ते हुए कि इस तरह की बयानबाजी हमारे देश में दिख रहे आतंकवाद के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है और इसे तुरंत रोकना होगा। उन्होंने कहा कि मेरा प्रशासन उन सभी लोगों को खोज निकालेगा जिन्होंने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।
ट्रंप ने कहा कि मेरा प्रशासन उन सभी लोगों और संगठनों को ढूंढ निकालेगा जो इस अत्याचार और अन्य राजनीतिक हिंसा में शामिल हैं, जिनमें वे भी शामिल हैं जो इसे वित्तपोषित और समर्थन करते हैं, साथ ही वे लोग जो हमारे न्यायाधीशों, कानून प्रवर्तन अधिकारियों और देश में व्यवस्था बनाए रखने वालों को निशाना बनाते हैं।
बता दें कि प्रखर युवा वक्ता चार्ली किर्क (31 ) उस समय उटाह के आरेम में उटाह वैली विश्वविद्यालय में छात्रों की सभा को संबोधित कर रहे थे। ट्रंप के कट्टर समर्थक किर्क एक रूढ़िवादी राजनीतिक कार्यकर्ता थे और टर्निंग पॉइंट नामक संगठन के सह-संस्थापक भी थे। घटना के समय वे लगभग 3000 लोगों की भीड़ को संबोधित कर रहे थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved