
वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर वह तीन नवंबर का चुनाव बिडेन के मुकाबले हार जाते हैं तो उन्हें देश छोड़ना पड़ सकता है। वैसे तो उन्होंने यह टिप्पणी मजाक में की थी, लेकिन बिडेन समेत रिपब्लिकन पार्टी में उनके विरोधियों ने उनके इस बयान के सच साबित होने की बात कही है।
‘द हिल वेबसाइट’ के मुताबिक जॉर्जिया में एक रैली को संबोधित करने के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘वैसे तो मुझे मजाक नहीं करना चाहिए, क्योंकि आप जानते हैं कि मैं राष्ट्रपति चुनाव के इतिहास में सबसे खराब प्रत्याशी के खिलाफ खड़ा हूं। अगर मैं हार जाता हूं तो मुझे अच्छा नहीं लगेगा और शायद मुझे देश छोड़ना पड़े।’ ट्रंप के बयान की प्रतिक्रिया में पूर्व उपराष्ट्रपति ने एक ट्वीट करके कहा कि वह ट्रंप के संदेश को स्वीकार करते हैं।
उधर, रिपब्लिकन पार्टी में ट्रंप विरोधी धड़े (लिंकन प्रोजेक्ट) ने ट्रंप का वीडियो पोस्ट करते हुए उसके नीचे ‘प्रॉमिस’ लिखा है। ट्रंप ने पिछले महीने नार्थ कैरोलिना में आयोजित एक रैली में भी कहा था, ‘अगर मैं उससे हार जाता हूं तो मुझे नहीं पता कि मैं क्या करूंगा।’ वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में भी उन्होंने कहा था कि अगर वह रिपब्लिकन प्रत्याशी से हार गए तो वह फिर कभी सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं पड़ेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved