
वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड (Donald Trump’s Greenland) लेने की जिद से दुनिया भर के शेयर मार्केट (Stock Market) लाल निशान पर आ गए। इसका असर आम निवेशकों से लेकर दुनिया के अरबपतियों पर भी पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) में उथल-पुथल है और इसमें शामिल टॉप-13 अरबपतियों की दौलत में सेंध लगी है। वहीं, मुकेश अंबानी और गौतम अडानी का रुतबा भी घटा है।
दुनिया सबसे अमीर व्यक्ति टेस्ला के एलन मस्क की दौलत में मंगलवार को 13.1 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मस्क की दौलत अब 668 अरब डॉलर रह गई है। टेस्ला के शेयरों में 4 पर्सेंट से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।
जेफ बेजोस को 7.19 अरब डॉलर, लैरी एलिसन को 11.8 अरब डॉलर, मार्क जुकरबर्ग को 5.52 अरब डॉलर और बर्नार्ड अर्नाल्ट को 9.02 अरब डॉलर का झटका लगा है। लैरी पेज को 6.35 अरब डॉलर, जेनसेन हुआंग को 6.46 अरब डॉलर की चोट पहुंची है। सर्गेई ब्रिन को 5.88 अरब डॉलर, स्टीव बाल्मर को 1.62 अरब डॉलर और वॉरेन बफेट को 2.63 अरब डॉलर की चोट पहुंची है।
अडानी-अंबानी का घटा रुतबा
एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी और दूसरे रईस गौतम अडानी, दोनों को मंगलवार को बड़ा झटका लगा। ब्लूमबर्ग बिलेनियर लिस्ट में दोनों अरबपतियों का रुतबा घट गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को मंगलवार को 4.51 अरब डॉलर का बड़ा झटका लगा।
इस झटके के साथ ही अंबानी अब 94.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 19वें स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं, गौतम अडानी को मंगलवार को 3.54 डॉलर का झटका लगा। उनकी संपत्ति अब 76.2 अरब डॉलर रह गई है। अडानी अब 22वें स्थान पर हैं।
दुनिया के अरबपतियों की क्यों घटी दौलत
ग्रीनलैंड पर ट्रंप के नए रुख से निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ गई, जिसका असर एशिया, यूरोप और अमेरिका-तीनों प्रमुख बाजारों पर दिखा। अमेरिकी बाजारों की बात करें तो डाऊ जोंस 1.76 पर्सेंट टूटा, एसएंडपी 2.06 पर्सेंट और नैस्डेक कंपोजिट में 2.39 पर्सेंट की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट दबाव में रहे। भारत में भी सेंसेक्स एक हजार और निफ्टी 353 अंक टूटकर बंद हुए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved