
इंदौर। सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह ढाबे से खाना लेकर आ रहा था। वह दिव्यांग था। वहीं एक अन्य हादसे में भी युवक की जान चली गई। 35 साल के विशाल पिता महेश निवासी इंद्रा एकता नगर के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। विशाल मैजिक पर हेल्पर था। कल वह ढाबे से खाना लेकर घर की तरफ आ रहा था, तब किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घंटों बाद उसके परिजन को हादसे की जानकारी लगी। विशाल अविवाहित था।
पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं एक अन्य घटना बेटमा थाना क्षेत्र में हुई। रायसिंह पिता जागलिया निवासी ग्राम तिरला के शव का भी एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। बताया जा रहा है कि उसे बेटमा क्षेत्र में किसी वाहन ने टक्कर मारी थी। वह मजदूरी करने के लिए गांव से इंदौर आ रहा था। रायसिंह विवाहित था। उसके तीन बच्चे हैं।
आर्थिक तंगी से परेशान पेंटर ने दी जान
आर्थिक तंगी से परेशान एक पेंटर ने जान दे दी। तेजाजी नगर क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में रहने वाले 50 साल के गब्बू पिता जगन्नाथ को फांसी के फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत बता दिया। बताया जा रहा है कि आत्महत्या का कारण आर्थिक तंगी होना है। उधर, चंदन नगर पुलिस ने बताया कि 65 साल के गोरेख पिता मुबारिक की भी संदिग्ध मौत हो गई। कल परिजन मोहर्रम में लगे हुए थे, तब गोरेखा उल्टियां कर रहा था। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।
घायल गार्ड की मौत
3 जुलाई की रात को राईकान सिटी का सुरक्षा गार्ड 47 वर्षीय धर्मसिंह पिता गोपीरामसिंह कुशवाह निवासी धंसुला ग्राम मुरैना सुपरवाइजर शरीफ अहमद से बात कर रहा था। इसी दौरान ड्यूटी लगाने की बात को लेकर धर्मसिंह का गनमैन रणवीरसिंह पिता गोपाल कुशवाहा निवासी भिंड से विवाद हो गया था और बात इतनी बढ़ गई थी कि रणवीर सिंह ने हवा में चार-पांच फायर किए। दो गोली धर्मसिंह को लगी थीं। वहीं बीचबचाव में सुपरवाइजर शरीफ भी घायल हुआ था। बताया जा रहा है कि कल घायल धर्मसिंह के परिवार वाले उसे एमवाय अस्पताल से छुट्टी कराकर मुरैना लेकर आ रहे थे। रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved