
उज्जैन। नए साल की शुरुआत शीतलहर के साथ रही। उत्तर की हवाएं आगे भी ठिठुरन जारी रखेंगी। वहीं उज्जैन में उत्तर और दक्षिण क्षेत्र में लोगों को कहीं भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है। अभी भी दिन और रात के तापमान में 12 डिग्री का अंतर चल रहा है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी से प्रदेश ठिठुर रहा है। उत्तर की हवाएं सीधी आने से उज्जैन का तापमान 10 डिग्री तक आ गया है। गर्म कपड़े भी लोगों को शीतलहर से बचाने में नाकाफी साबित हो रहे हैं। एक ओर वेधशाला का उपकरण रात का तापमान 12 डिग्री और दिन का तापमान 24 डिग्री बता रहा है।
तापमान में पिछले दो दिनों से 12 डिग्री का अंतर चल रहा है क्योंकि कल सुबह न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज हुआ था तो अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री था। आने वाले दिनों में आसमान से बादल छंटने के बाद उत्तर की हवाएं मालवा के मौसम में ठंडक बरकरार रखेंगी। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह मौसम सभी के लिए लाभदायक रहेगा। खासकर किसानों को गेहूं, चने और आलू-मटर की फसल में इस शीतलहर से लाभ होगा। हालांकि कुछ जगह हलका पाला पडऩे से थोड़ी मात्रा में फसलें खराब भी हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved