
उज्जैन। राष्ट्र के नाम संबोधन में बीती रात प्रधानमंत्री ने देश में 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों को वैक्सीन के डोज लगाए जाने तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और फ्रंट लाईन वर्करों को बूस्टर डोज लगाने की शुरुआत 10 जनवरी से करने की घोषणा की है। इसे लेकर उज्जैन जिले में तैयारी पूरी है। आदेश आते ही स्वास्थ्य विभाग इसकी शुरुआत कर देगा। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के अंत के लिए इस साल 16 जनवरी से पूरे देश के साथ-साथ जिले में भी वैक्सीनेशन अभियान शुरु हो गया था। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलाकर वैक्सीन के पहले और दूसरे डोज का टारगेट पूरा करने के लगातार प्रयास चल रहे हैं। जिले में अभी तक पहले डोज का आंकड़ा करीब 95 प्रतिशत तक पहुँच गया है। परंतु दूसरे डोज से अभी भी करीब 48 हजार लोग वंचित हैं। इस बीच राष्ट्र के नाम कल देर शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि कोरोना काल में देश के लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 15 से 18 साल के आयु वर्ग के बीच के बच्चों के वैक्सीनेशन की शुरुआत देश में 3 जनवरी से हो जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved