
वॉशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध दो साल से ज्यादा समय से जारी हैं। दोनों में से कोई भी देश हथियार डालने के लिए नहीं मान रहा है। इस जंग के चलते रूस और अमेरिका के रिश्तों में भी तनाव आ गया है। वॉशिंगटन लगातार कीव की मदद कर रहा है। अब एक मीडिया रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन को रूसी बलों पर कहीं भी अमेरिका द्वारा आपूर्ति किए गए हथियारों का इस्तेमाल कर हमला करने की इजाजत दी है। अमेरिका ने कहा है कि यूक्रेन की सेना सिर्फ खार्किव के पास के क्षेत्र से ही नहीं बल्कि सीमा पार से भी हमला कर सकती है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह रुख अमेरिका द्वारा कीव को रूस के अंदर हमला करने के लिए चुपचाप हरी झंडी दिए जाने के कुछ सप्ताह बाद सामने आया है, जो कि खार्किव शहर पर सीमा पार से हुए हमले का जवाब है। हालांकि, उस उस समय अधिकारियों ने यह जोर देकर कहा था कि इस बदलाव का मतलब नीतियों में बदलाव से नहीं है। नीति खार्किव क्षेत्र तक सीमित है।
तब से, यूक्रेनी सेना ने कम से कम एक बार रूस में हमला करने के लिए अमेरिकी हथियारों का इस्तेमाल किया है। बेलगोरोड शहर में लक्ष्यों को नष्ट कर दिया है और रूसी हमले को कड़ी टक्कर देने का प्रबंध किया है। दूसरी ओर कहा जा रहा कि यूक्रेन और अन्य यूरोपीय अधिकारियों ने अमेरिका से अपने प्रतिबंधों में ढील देने के लिए कहा था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved