मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को (Moscow) पर ड्रोन हमले की आशंका (Fear Attack) के बाद रविवार को बड़ा सुरक्षा कदम उठाया गया। रूसी नागरिक उड्डयन एजेंसी रोसावियात्सिया (Russian Rosaviatsia) ने शहर के सभी चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर उड़ानों के संचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया।
एजेंसी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से दोमोदेदेवो, वनुकोवो, ज़ुकोवस्की और शेरेमेतयेवो एयरपोर्ट पर हवाई यातायात अगली सूचना तक निलंबित रखा गया।
रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने मॉस्को की ओर बढ़ रहे यूक्रेन के 11 ड्रोन को एक घंटे के भीतर नष्ट करने का दावा किया है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि शहर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी ड्रोन को समय रहते इंटरसेप्ट कर लिया गया।
रूसी अधिकारियों का आरोप है कि यूक्रेन समय-समय पर मॉस्को समेत रूस के विभिन्न इलाकों को निशाना बनाकर ड्रोन हमलों की कोशिश करता रहा है।
यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि रूसी हमलों के बाद कीव के आसपास कई जिलों—ओबुखिव, ब्रोवरी, बोरिस्पिल, बुचा और फास्तिव—में इमारतों को नुकसान पहुंचा और आग लगने की घटनाएं हुईं। मलबे से एक बच्चे सहित आठ लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाया गया, जिससे भीषण आग लगी। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ड्रोन और मिसाइल हमले कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऊर्जा ढांचे और बड़े शहरों को निशाना बनाना रणनीतिक दबाव बनाने की कोशिश का हिस्सा है, जिससे सर्दियों के दौरान नागरिक जीवन प्रभावित हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved