
भोपाल। मध्य प्रदेश में शराबबंदी की मांग कर रही उमा भारती ने अब अज्ञातवास में रहने का निर्णय लिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं अमरकंटक के आसपास अज्ञातवास में रहूंगी। उन्होंने पार्टी से साथ न मिलने की पीड़ा भी बयां की।
उमा ने कहा कि देव दीपावली पर भगवान कार्तिक स्वामी असुरों को अपने पराक्रम के बल पर पराजित करके हिमालय की ओर वापस लौटे तो, लेकिन अकेले पड़ गए। 2019 से पहले गंगा के किनारे की यात्रा के लिए और अब शराब के खिलाफ अपने अभियान के लिए भगवान एवं जनता का साथ रहा, लेकिन मेरी अपनी पार्टी भाजपा मेरे इन दोनों अभियानों के प्रति कार्यक्रम की दृष्टि से तटस्थ रही। निजी तौर पर मेरे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इन दोनों अभियानों के लिए मेरे प्रति सम्मान एवं समर्थन दिखाते हैं, लेकिन पार्टी की ओर से कोई विशेष आयोजन इन विषयों को लेकर नहीं होता। उन्होंने कहा कि दत्त पूर्णिमा (आठ दिसंबर) तक प्रतीक्षा करती हूं कि केंद्रीय स्तर पर हमारी पार्टी एवं राज्य स्तर पर मध्य प्रदेश सरकार क्या नीति बनाती है। मसला गंभीर हैं, अब आठ दिसंबर के बाद संवाद करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved