
कोलकाता । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के घायलों का अस्पताल जाकर हालचाल जाना (Visited Hospital to check on those injured in Durga Puja pandal incident in Kolkata) ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे में घायल श्रद्धालुओं से अस्पताल जाकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में पश्चिम बंगाल सरकार हर घायल और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को दोपहर में कोलकाता के साल्ट लेक स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य मौजूद थे।
गृह मंत्री ने प्रशासन से अस्पताल में भर्ती किए गए 14 लोगों की सेहत के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा, उन्होंने कुछ घायल लोगों से बातचीत भी की। शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “इस कठिन घड़ी में पश्चिम बंगाल सरकार हर घायल और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मां दुर्गा सभी घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें, यही प्रार्थना है।”
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती 14 लोगों में से 13 की हालत स्थिर है। वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा, “यहां तक कि जिस व्यक्ति की हालत थोड़ी गंभीर है, उसके लिए भी मैं ‘संकट’ शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा। मुझे उम्मीद है कि मरने वालों की संख्या अब और नहीं बढ़ेगी। मैं खुद घायलों के इलाज की व्यवस्था पर नजर रख रहा हूं।”
गृह मंत्री शाह शनिवार रात कोलकाता पहुंचे थे। रविवार को उनके कई कार्यक्रम तय थे। हालांकि, भगदड़ की इस दुखद घटना के बाद उन्होंने अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द कर दिए। इसके बजाय वे सुबह सबसे पहले दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद अमित शाह, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ अस्पताल पहुंचे। वे आज ही नई दिल्ली वापस लौट जाएंगे। कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ की घटना हुई थी, जिसमें कम से कम 19 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालुओं का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved