
न्यूयॉर्क। सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच मंगलवार को अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।
दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी जोकोविच ने टूर्नामेंट के पहले दौर में बोस्निया और हर्जेगोविना के दामिर दजुमुर को 6-1, 6-4, 6-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। दूसरे दौर में जोकोविच का सामना काइल एडमंड से होगा। एडमंड ने सोमवार को पहले दौर के मैच में अलेक्जेंडर बुब्लिक को हराया था।
सर्बियाई टेनिस स्टार जोकोविच अपने चौथे यूएस ओपन खिताब का पीछा कर रहे हैं। रोजर फेडरर और राफेल नडाल दोनों इस आयोजन का हिस्सा नहीं हैं,जिसका फायदा जोकोविच को मिल सकता है।
नडाल ने अमेरिकी ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था क्योंकि वह दुनिया भर में फैले कोरोना महामारी की स्थिति को देखते हुए यात्रा नहीं करना चाहते थे, जबकि फेडरर अभी चोट से उबर रहे हैं इसलिए वह इस साल टेनिस से दूर रहेंगे।
यदि जोकोविच अमेरिकी ओपन जीतने में कामयाब होते हैं, तो यह उनका 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब होगा। यही नहीं यदि वह यह खिताब जीतते हैं तो वह राफेल नडाल (19) से एक और रोजर फेडरर (20) से सिर्फ दो ग्रैंड स्लैम खिताब दूर होंगे।
कोरोनोवायरस के कारण एहतियात के तौर अमेरिकी ओपन बिना प्रशंसकों के खेला जा रहा है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved