
उज्जैन। लगभग 13 साल पहले डेढ़ करोड़ की राशि खर्च कर आर्य समाज मार्ग पर नई सब्जी मंडी का निर्माण किया गया था। तकनीकी खामियों के चलते बारिश में यह किसी काम की नहीं रही। इस साल हालांकि अभी बारिश कम हुई है लेकिन तेज बारिश होने पर फिर से यह डेढ़ करोड़ की सब्जी मंडी पानी में डूबी नजर आएगी। इधर दो साल पहले डिस्मेंटल की गई दौलतगंज सब्जी मंडी के व्यापारियों को यहाँ लाने में नगर निगम नाकाम रहा है। नई परिषद के सामने यह भी बड़ी चुनौती रहेगी।
करीब 13 वर्ष पूर्व नगर निगम ने दौलतगंज स्थित पुरानी सब्जी मंडी को शिफ्ट करने के लिए आर्य समाज मार्ग पर डेढ़ करोड़ की लागत से आधुनिक सब्जी मंडी बनवाई थी। उस वक्त दावा किया गया था कि यहां व्यापारियों को दुकानों के साथ-साथ भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी लेकिन जिस प्रकार नगर निगम के इंजीनियरों ने इस सब्जी मंडी का ढांचा तैयार किया था वह आज तक मुसीबत बना हुआ है। हर साल बरसात में सब्जी मंडी के बेसमेंट में पानी जमा हो जाता है। शुरूआत से ही बेसमेंट में जमा पानी को निकालने की व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरे 4 महीने बरसात में यह समस्या बनी रहती है। पिछले साल हुई रिकार्ड बारिश में जून माह के पहले सप्ताह से लेकर अक्टूबर तक मंडी के परिसर में पानी भरा नजर आया था। इस बार मानसून की कम बारिश हुई है। इस कारण अभी तक यह स्थिति नहीं बनी है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved