
हनोई । चीन, जापान, रूस और दक्षिण कोरिया (China, Japan, Russia and South Korea) के कई देश इस समय एक साझा समस्या से जूझ रहे हैं। यह समस्या है तेजी से बूढ़ी होती आबादी और देश में कम होता जन्म दर। इस सूची में वियतनाम (Vietnam) का नाम भी शामिल हो गया है। वियतनाम में जन्म दर लगातार कम होने के बाद अब यहां के दंपत्तियों को 2 से ज्यादा बच्चे पैदा करने की छूट दे दी गई है।
वियतनामी नेशनल असेंबली ने मंगलवार को जनसंख्या अध्यादेश में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इसमें तहत परिवारों को एक या दो बच्चों तक सीमित करने वाले नियम को हटा दिया गया। इस महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव का उद्देश्य देश की जनसंख्या संरचना को संतुलित करना और विकास को बढ़ावा देना है।
वियतनाम समाचार एजेंसी ने एक रिपोर्ट में बताया कि संशोधित कानून दंपत्तियों को अपने परिवार के आकार और बच्चों के बीच के अंतर को तय करने की स्वतंत्रता प्रदान करता है। यह बदलाव वियतनाम की जनसंख्या प्रबंधन नीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ है।
वियतनाम की स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दाओ हांग लान ने कहा है कि यह बदलाव जन्म दर में बढ़ती विषमताओं को दूर करने और जनसंख्या में गिरावट को रोकने के लिए किया गया है। नीति परिवर्तन का उद्देश्य रिप्लेसमेंट रेट को बनाए रखना और देश भर में जन्म दर में आ रही गिरावट को दूर करना है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार वियतनाम की कुल प्रजनन दर 2024 में प्रति महिला 1.91 बच्चों के रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिर गई, जो प्रतिस्थापन स्तर 2.1 से काफी नीचे है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved