
डेस्क: वॉशिंगटन पोस्ट के पब्लिशर और CEO विल लुईस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने यह ऐलान इस हफ्ते बड़े पैमाने पर कंपनी में हुई कर्मचारियों की छंटनी के बाद किया है. लुईस ने 2023 में अखबार की कमान संभाली थी, जब संस्थान गंभीर आर्थिक नुकसान झेल रहा थी.
वॉशिंगटन पोस्ट गिल्ड ने लुईस के इस्तीफे पर कहा है कि यह कदम लंबे समय से देर से आया निर्णय है. संघ के मुताबिक उनकी विरासत एक महान अमेरिकी पत्रकारिता संस्थान को तबाह करने का प्रयास रही है. संघ ने मालिक जेफ बेज़ोस से मांग की है कि वे तुरंत छंटनी का फैसला वापस लें या अख़बार को किसी ऐसे खरीदार को बेच दें जो इसके भविष्य में निवेश करने को तैयार हो.
वॉशिंगटन पोस्ट में करीब 800 पत्रकार काम करते हैं, जिसमें से पोस्ट ने करीब 30 फीसद यानी 300 से ज्यादा पत्रकारों को नौकरी से निकाल दिया है. पोस्ट ने यह कदम वैबसाइट पर घटते दर्शक और फंड की कमी की वजह से उठाया है. अखबार के पूर्व कार्यकारी संपादक मार्टी बैरन ने बुधवार को हुई इस छंटनी को अखबार के इतिहास के “सबसे अंधेरे दिनों में से एक” बताया था.
अमेजन के फाउंडर जेफ बेज़ोस ने 2013 में यह अख़बार खरीदा था. उन्होंने इस नेतृत्व परिवर्तन को अखबार के लिए एक असाधारण अवसर बताया है. बेज़ोस ने कहा, “वॉशिंगटन पोस्ट का एक आवश्यक पत्रकारिता मिशन है और हर दिन हमारे पाठक हमें सफलता का रोडमैप देते हैं.”
अखबार के चीफ फाइनेंस अधिकारी जेफ़ डी’ओनोफ्रियो को कार्यवाहक पब्लिशर और CEO नियुक्त किया गया है. उन्होंने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा कि भविष्य में यूजर डेटा ही हमारे फैसलों को चलाएगा, जिससे हम अपने दर्शकों को सबसे मूल्यवान सामग्री दे पाएंगे.” अखबार ने कहा है कि भविष्य में उनको पैसे की जरूरत होगी, जिसके लिए पोस्ट कुछ नया शुरू कर सकती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved