
नई दिल्ली। झारखंड (Jharkhand) में हर दिन राजनीतिक घटनाक्रम बदलता जा रहा है। पूर्व सीएम चंपई सोरेन (Champai Soren) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से बगावत कर दी। पहले खबर आई थी कि उनके साथ 6 और विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं, लेकिन इन्होंने पूर्व सीएम का साथ छोड़ दिया। अब बड़ा सवाल उठता है कि चंपई सोरेन अकेले दिल्ली में क्या कर रहे हैं? वे कब भाजपा का दामन थामेंगे?
झारखंड में अगले कुछ महीनों के अंदर विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बेहद करीबी माने जाने वाले चंपई सोरेन का पार्टी से मोहभंग हो गया। उन्हें सीएम पद से हटाए जाने का अपमान बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने एक्स के बायो से जेएमएम का नाम हटा दिया। साथ ही लंबा चौड़ा पोस्ट लिखकर अपना दर्द बयां किया।
उनके बयान से झारखंड से लेकर दिल्ली तक हलचल मच गई। चंपई सोरेन ने दिल्ली में डेरा डाल रखा है। सूत्रों के अनुसार, वे राजधानी में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करने का इंतजार कर रहे हैं। चर्चा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात हो सकती है। वे अगले कुछ दिनों में भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इसे लेकर भाजपा के हाई कमान के बीच मंथन चल रहा है।
सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले झारखंड में ही अमित शाह की मौजूदगी में चंपई सोरेन को भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। वहीं, यह भी कहा जा रहा था कि उनके साथ 6 और विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं, लेकिन चंपई सोरेन के साथी विधायकों ने साथ जाने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि ये विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद हैं और सीएम हेमंत सोरेन ने उनके संपर्क साधा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved