
मुंबई। मुंबई हमले के साजिशकर्ता तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने खुशी जाहिर की है और केंद्र सरकार के प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण से साफ हो गया है कि अगर केंद्र में निर्णय लेने वाली सरकार हो तो आतंकी भारत पर हमला करने से पहले दो बार सोचेंगे। असम सीएम ने ये भी बताया कि जब मुंबई हमला हुआ, उस वक्त वे मुंबई में ही मौजूद थे और उन्होंने एनएसजी के ऑपरेशन को अपनी आंखों से देखा था।
असम सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ’26 नवंबर की रात मैं भी मुंबई में था और ताज होटल में ही ठहरने वाला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मैं कार्यक्रम में बदलाव के चलते मैं अंतिम समय में दूसरे होटल में ठहरने चला गया। उस रात का खौफ मुझे आज भी याद है। मैंने एनएसजी का ऑपरेशन देखा था और उस वक्त मेरे दिमाग में ये बात आई थी कि एक दिन इस हमले के साजिशकर्ताओं को कर्मों का फल मिलेगा।’ सरमा ने लिखा कि ’16 साल बाद तहव्वुर राणा को भारत की धरती पर वापस आते देखकर न सिर्फ समापन का अहसास हो रहा है बल्कि इससे नया विश्वास भी आया है। शीर्ष पर अगर निर्णायक नेतृत्व हो तो भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले हमला करने से पहले दो बार सोचेंगे।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved