
उज्जैन। महाकालेश्वर के दरबार में सोमवार को देश की जानी-मानी हस्तियों का आगमन हुआ। सुबह होने वाली भस्म आरती में महिला क्रिकेट खिलाड़ी स्नेह राणा और बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
सुबह ब्रह्म मुहूर्त में आयोजित भस्म आरती के दौरान दोनों अतिथि भक्तिभाव में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और घंटों की ध्वनि के बीच उन्होंने भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा स्नेह राणा का विधिवत स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं मंत्री संजय सिंह का भी मंदिर परंपरा के अनुसार अभिनंदन किया गया। गौरतलब है कि महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु और विशिष्ट अतिथि लगातार पहुंचते हैं।