
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला. हालांकि भाषण के दौरान तेजस्वी यादव आज थोड़े नर्वस दिखे. तेजस्वी यादव अपने भाषण पढ़ने के दौरान कई बार अटकते दिखे. वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका “नाखून उखड़ गया है” और दवा लेकर आए हैं, इसलिए बैठकर बोलने की अनुमति चाहते हैं. तेजस्वी यादव के आग्रह को विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने स्वीकारते हुए उन्हें बोलने को कहा.
वहीं इस दौरान तेजस्वी यादव ने महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया और कहा कि बिहार की महिलाएं बिकती हैं. तेजस्वी यादव के बयान को लेकर विधानसभा में हंगामा मच गया. दरअसल तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं के सम्मान की बात करती है, लेकिन, उत्तराखंड के बीजपी के नेता कहते हैं कि बिहार की महिलाएं बिकती हैं. महिलाओं को खरीदा जाता है. इस दौरान तेजस्वी यादव अपने भाषण में कई बार अटकते दिखे. तेजस्वी यादव के सम्बोधन पर विधानसभा में खूब हंगामा हुआ.
बिहार विधानसभा में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सदन में उनका “11वां साल” चल रहा है और हर साल राज्यपाल के अभिभाषण में वही बातें दोहराई जाती हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “झूठी वाहवाही और 100 प्रतिशत लापरवाही” पर चल रही है. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र कमजोर हुआ है और “जनतंत्र को धनतंत्र और मशीन तंत्र” में बदल दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की संख्या भले कम हो, लेकिन विपक्ष मजबूती से जनता के मुद्दे उठाता रहेगा. उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “कानून का राज और न्याय के साथ विकास नहीं, बल्कि अन्याय के साथ विनाश हो रहा है.”
तेजस्वी ने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार के दौरान नौकरी देने की पहल हुई और शिक्षकों की बहाली भी उसी दौर में हुई. उन्होंने कहा कि जब वे 10 लाख सरकारी नौकरी की बात करते थे, तब मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए पूछा था कि “पैसा कहां से आएगा?” उन्होंने कहा कि आज वही मुद्दे सरकार के एजेंडे में हैं, लेकिन युवाओं को अब भी रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर बोलते हुए तेजस्वी यादव ने बीजेपी के एक नेता के कथित बयान का जिक्र किया, जिस पर एनडीए की महिला विधायकों ने आपत्ति जताई। इस दौरान सदन में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें लगता है कि सरकार उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती. उन्होंने कहा, “शासन खामोश है और सरकार मदहोश है. सत्र के दौरान तेजस्वी यादव के इस हमलावर रुख से सदन का राजनीतिक तापमान और बढ़ गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved