
चंदौली। यूपी के चंदौली में मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। पीड़ित पक्ष ने कई लोगों पर घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को कुछ लोग अचानक गार्गी सिंह पटेल के घर पहुंच गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने गार्गी सिंह पटेल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि उन्हें बाल पकड़कर घसीटा गया, जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया और कमरे में रखी टेबल से भी हमला किया गया। घटना के दौरान घर में मौजूद बच्चे डरकर कमरे में छिप गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया।
घटना में घायल गार्गी सिंह पटेल को परिजन पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती गार्गी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर अमित यादव, मनोज यादव समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया और बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।
उन्होंने आगे कहा कि उनके घर के सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 और मुगलसराय कोतवाली के जलीलपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, हालांकि बाद में छोड़ दिए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष कि तहरीर मिली है, जिसमें 5 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। घटना के संबंध में यह जानकारी मिली है कि वाराणसी के कोई पूर्व ब्लाक प्रमुख है जिनसे इनका व्यावसायिक विवाद चल रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved