
नई दिल्ली: नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) के चोटिल होने की वजह से वो एशियन गेम्स में नहीं खेल पाएंगे और अब उनकी जगह कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले यशवीर सिंह को टीम में चुना गया है. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने गुरुवार को 77 सदस्यीय भारतीय ट्रैक एंड फील्ड टीम की घोषणा की जिसमें लंबी दूरी के एथलीट अभिषेक पाल को टीम से बाहर रखा गया है क्योंकि उन्हें डोपिंग के लिए नोटिस मिला है. आइची-नागोया एशियाई खेलों के लिए तेजस शिरसे भी टीम में नहीं चुने गए हैं. वो कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान चोटिल हो गए थे.
यशवीर सिंह के सेलेक्शन पर AFI ने क्या कहा?
AFI अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने बताया कि आखिर क्यों नीरज चोपड़ा की जगह यशवीर सिंह को टीम में जगह मिली. उन्होंने कहा, ‘हमने नीरज चोपड़ा की जगह यशवीर को टीम में शामिल किया है, जो कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता हैं. नीरज चोपड़ा फिलहाल चोटिल हैं. इसलिए यशवीर को टीम में जगह मिली है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘लंबी दूरी के एथलीट अभिषेक पाल को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण टीम से बाहर कर दिया गया है.’
अभिषेक पाल पर AFI ने क्या कहा?
अभिषेक पाल को NADA की ओर से नोटिस जारी किया गया था क्योंकि उनके डोपिंग सैंपल में महिला प्रजनन क्षमता बढ़ाने वाली दवा मिली थी. हालांकि अधिकारियों ने इस निर्धारित स्तर से नीचे बताया था. लेकिन AFI का कहना है कि वो इस मामले में कोई जोखिम नहीं लेना चाहती, इसलिए अभिषेक को बाहर कर दिया गया है.
किन एथलीट्स को मिली एशियन गेम्स टीम में जगह
एशियन गेम्स के लिए टीम में शामिल किए गए एथलीटों में 200 मीटर रनर हरिता भद्रा, क्वार्टर-माइलर किरण पहल, पोल वॉल्टर सिंधुश्री जी, ट्रिपल जम्पर आशा इलंगो, डिस्कस थ्रोअर सान्या यादव और हैमर थ्रोअर प्रवीण कुमार शामिल हैं. गुलवीर सिंह और पारुल चौधरी एशियाई खेलों में तीन-तीन स्पर्धाओं में भाग लेंगे. गुलवीर 10,000 मीटर, 5000 मीटर और 1500 मीटर में दौड़ेंगे, जबकि पारुल 3000 मीटर स्टीपलचेज़, 5000 मीटर और 1500 मीटर में में हिस्सा लेंगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved