
इंदौर। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा क्रू की कमी बताते हुए निरस्त की जा रही उड़ानों के कारण एयरपोट्र्स पर हाहाकार की स्थिति है। कल इंदौर एयरपोर्ट से इंडिगो ने आने और जाने वाली कुल 51 उड़ानों को निरस्त किया। यह इंदौर से रोजाना संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या से करीब आधी हैं, जिसके कारण सुबह से रात तक हजारों यात्री परेशान होते नजर आए। लगातार पांचवें दिन भी बिगड़ी स्थिति के कारण यात्री बुरी तरह पीडि़त हैं।
इंदौर एयरपोर्ट के इतिहास में पहली बार एक साथ इतनी उड़ानें निरस्त हुई हैं। विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक निरस्त हुई उड़ानों में दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई, चंडीगढ़, गोवा, रायपुर, नागपुर, जयपुर, अहमदाबाद, हैदराबाद और जम्मू की उड़ानें शामिल हैं। इनमें कई शहरों की एक से ज्यादा उड़ानें शामिल हैं। वहीं 10 से ज्यादा उड़ानें 4 से 5 घंटे तक देरी से आईं और गईं। जिन उड़ानों का संचालन हुआ उनमें एक भी सीट खाली नहीं रही और सामान्य से कई गुना ज्यादा किराया देने पर भी सीटें नहीं मिल रही हैं।
आज सुबह भी 8 उड़ानें निरस्त
कल 51 उड़ानें निरस्त होने के बाद आज भी उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला जारी है। आज सुबह 9 बजे तक ही इंडिगो एयरलाइंस अपनी आने और जाने वाली कुल 8 उड़ानों को निरस्त कर चुकी है। रात तक यह आंकड़ा कल की ही तरह 50 तक पहुंच सकता है। उड़ानों के निरस्त होने से यात्री सडक़ और रेल मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि बसों और रेलों में ं भी सीटें मिलना मुश्किल हो रही हैं।
स्थिति सामान्य होने में लग सकता है एक हफ्ता
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि शासन द्वारा लागू किए गए नए नियमों के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने क्रू की कमी बताते हुए 1 दिसंबर से ही उड़ानों को निरस्त करना शुरू किया था। देश में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में उड़ानों के निरस्त होने के बाद यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शासन ने फरवरी तक नए नियमों को लागू करने की अवधि को बढ़ा दिया है। हालांकि इसके बाद भी स्थिति को सामान्य होने में एक हफ्ते का समय लग सकता है, क्योंकि इंडिगो पहले ही अपनी कई उड़ानों को निरस्त घोषित कर चुकी है। वहीं रोस्टर सिस्टम में बदलाव के लिए भी कंपनी को समय लग सकता है, इसलिए यात्रियों को अगले कुछ और दिन राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved