
पटना। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा कि परिवारवादी राजद ने बिना सहयोगी दलों की राय लिये, बल्कि दलितों-पिछड़ों की दो पार्टियों को अपमानित कर जिस व्यक्ति को सीएम का चेहरा बनाने की जिद पूरी की, उस राजकुमार के चेहरे पर पूर्णिया के युवा दलित नेता की हत्या का आरोप लगा। कांग्रेस और वामदल बतायें कि क्या चुनाव लड़ने का टिकट देने के बदले 50 लाख रुपये मांगने और हत्या कराने का आरोपी सीएम फेस विपक्षी गठबंधन को मंजूर है।
डिप्टी सीएम मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हाथरस की दुखद घटना के बाद जातीय हिंसा भड़काने और दुनिया में भारत की छवि खराब करने की बड़ी साजिश में शामिल राहुल गांधी बतायें कि पूर्णिया की घटना पर वे चुप क्यों हैं। क्या लाश पर राजनीति करने वाले जीव तभी जमा होंगे, जब घटनास्थल, मरने वाले का जाति-धर्म-लिंग और हत्यारों का जाति-धर्म- सब-कुछ उनकी पोलिटिकल स्क्रिप्ट के अनुकूल होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का ढोंग करने वालों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने से पहले पूर्णिया में सामाजिक न्याय की बलि चढ़ायी। यह चुनाव-पूर्व हिंसा राजद को भारी पड़ेगी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved