मुस्लिम राष्ट्रीय मंच देश के स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के शुभ अवसर पर घर-घर तिरंगा अभियान चलाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय संयोजिका शाहीन परवेज़ ने वताया कि मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार के आह्वान पर मंच के सम्पूर्ण भारत के कार्यकर्ता 14 एवं 15 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर पर घर-घर तिरंगा अभियान चलाएंगे। इस अभियान के तहत प्रत्येक घर, मोहल्ला, मस्जिद, मदरसा, खानकाह इत्यादि स्थानों पर मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा देश का राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के भाव को जागृत करना और उसे स्थापित करना है। शाहीन परवेज़ ने बताया कि मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार ने स्वदेशी माल अपनाने पर बल दिया है और कहा है कि चाइनीज उत्पादों का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाए तथा स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ाया जाए। इससे भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इंद्रेश कुमार के पूर्व के आह्वान के अनुसार मंच पीएम केयर्स फंड में दस लाख 51 हजार 786 रुपये देगा।
उन्होंने मंच के कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा कार्य भारत को सुदृढ़ बनाने व राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता स्थापित करने की दिशा में एक महान कार्य है। मंच का प्रत्येक कार्यकर्ता “हम मजबूत, मजबूत भारत” अभियान में जुटा है तथा तन मन धन से अभियान को कार्यान्वित कर रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved