
इन्दौर। पर्यावरण प्रेमियो से जुड़ी संस्थाओं ने शहर में काटे गए हरे-भरे पेड़ों की हत्याओं के दुख में कल रीगल चौराहे पर शाम 5 बजे श्रद्धांजलि और शोकसभा का आयोजन रखा है। पिछले दिनों वार्ड 36 में एमआर 11 की सडक़ पर होली फैमिली कान्वेंट स्कूल द्वारा नगर निगम से बिना अनुमति लिए 15 हरे- भरे पेड़ों को अवैध रूप से काट दिया। इस मामले में जब नगर निगम को खबर की गई तो सम्बन्धित झोन की उद्यान शाखा की टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लेकर नगर निगम आयुक्त सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।
इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को स्कूल प्रबंधन पर जुर्माना वसूलने के आदेश दिए तो कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन से 1 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना किया। इस मौके पर स्कूल के स्टाफ और निगम कर्मियों ने फोटो सेशन भी कराया। हरियाली और शहरवासियों का स्वास्थ्य सहित उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए शहर की पर्यावरण प्रेमी संस्थाएं लगातार संघर्ष कर रही हैं, मगर जिला और नगर निगम प्रशासन की कथनी और करनी में अंतर नजर आ रहा है। छंटाई के नाम पर शहर में हर हफ्ते कहीं न कहीं हरे-भरे पेड़ों की हत्याएं जारी हैं। नगर निगम 10 हजार रुपए प्रति पेड़ जुर्माना लगाकर, पर्यावरण के दुश्मनों को सन्देश दे रहा है कि नाममात्र का जुर्माना भरो और पेड़ काटते रहो।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved