
नई दिल्ली। भारत ने चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-मई के दौरान यानी दो महीने में 2.43 अरब डॉलर का स्मार्टफोन निर्यात किया। यह सालाना आधार पर 157.82 फीसदी अधिक है। अमेरिका प्रमुख निर्यात गंतव्य रहा। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीने में अमेरिका को स्मार्टफोन निर्यात 781.22 फीसदी बढ़कर 81.25 करोड़ डॉलर पहुंच गया। 2022-23 की समान अवधि में भारत से अमेरिका को 9.22 करोड़ डॉलर का स्मार्टफोन निर्यात किया गया था। भारत से कुल स्मार्टफोन निर्यात में मूल्य के हिसाब से अमेरिका की हिस्सेदारी एक तिहाई है।
पीएलआई योजना की रही है बड़ी भूमिका
उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना व आईफोन बनाने वाली कंपनी एपल का भारत में विनिर्माण शुरू होने की घोषणा से देश स्मार्टफोन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। 2022-23 में निर्यात 10.95 अरब डॉलर रहा था।
प्रमुख निर्यात गंतव्य में ये देश भी शामिल
स्मार्टफोन निर्यात के मामले में अमेरिका के बाद संयुक्त अरब अमीरात 48.45 करोड़ डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर है। नीदरलैंड (20.5 करोड़ डॉलर) तीसरा, ब्रिटेन (15.13 करोड़ डॉलर) चौथा, इटली (13.66 करोड़ डॉलर) पांचवां और चेक गणराज्य (11.55 करोड़ डॉलर) छठा प्रमुख निर्यात गंतव्य रहा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved