
नई दिल्ली। पूरी दुनिया में क्रिकेट का खेल बहुत ही मशहूर है। हालांकि भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में तो लोग इस खेल के दीवाने हैं। क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि क्रिकेट के इतिहास में एक मैच ऐसा भी है जब एक गेंद पर 286 रन बने थे।
15 जनवरी 1894 की तारीख
ये बात है वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में 15 जनवरी 1894 को विक्टोरिया और ‘स्क्रैच 11Ó के बीच बॉनबरी के मैदान पर एक मैच चल रहा था। मैच की पहली ही गेंद पर बल्लेबाज ने लंबा शॉट मारा और गेंद जाकर किसी पेड़ पर अटक गई। इसे जराह का पेड़ बताया जाता है। क्रीज पर दोनों बल्लेबाज लगातार दौड़ते रहे। जब तक कि गेंद को ढूंढा और पेड़ से उतारा जाता, वो एक के बाद एक 286 रन भाग चुके थे।
6 किमी तक भागे खिलाड़ी
रन भागते भागते दोनों खिलाडिय़ों ने इस दौरान क्रीज के बीच करीब 6 किलोमीटर दूरी कवर कर ली। ये पेड़ मैदान के बीच में था और फील्डिंग टीम ने अंपायर से ये अपील भी की कि गेंद खोया घोषित कर दिया जाए ताकि बल्लेबाजों को रन लेने से रोका जाए। मगर अंपायरों ने ये कहकर अपील ठुकरा दी कि गेंद पेड़ पर फंसी हुई दिख रही थी इसलिए उसे खोया हुआ घोषित नहीं किया जा सकता।
286 रन भाग चुके थे क्रिकेटर
इस मैच को लेकर कहा ये भी जाता है कि फील्डिंग करने वाली टीम ने पेड़ काटने के लिए कुल्हाड़ी भी लानी चाही, मगर कोई कुल्हाड़ी भी नहीं मिली। फिर किसी ने घर से राइफल मंगवाई और गेंद पर निशाना लगाकर गेंद को पेड़ से नीचे गिराया गया। जब गेंद नीचे गिरी तो फील्डिंग साइड इतनी हताश हो चुकी थी कि किसी ने गेंद को कैच करने की कोशिश भी नहीं की। तब तक क्रीज पर विक्टोरिया के बल्लेबाज 286 रन भाग चुके थे और इस टीम ने इतने ही रनों पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। 1 गेंद पर 286 रनों का स्कोर अपने आप में रिकॉर्ड है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved