
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी बहुराष्ट्रीय कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआई) की छोटी कार एस-प्रेसो की बिक्री का आंकड़ा पहले साल में ही 75,000 को पार कर गई है।
एमएसआई के कार्यकारी निदेशक (विपणन एवं बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि एक साल के छोटे से समय में एस-प्रेसो ने घरेलू बाजार में अपने लिए एक मजबूत जगह बनाई। एस-प्रेसो को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह एक मिनी एसयूवी का अनुभव देती है।
श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार में कई ऐसे फीचर है, जो इस खंड में पहली बार पेश किए गए हैं। इनमें डायनामिक सेंटर कन्सोल के साथ स्मार्टप्ले इन्फोटेनमेंट प्रणाली शामिल है, जो इस संस्करण वाली कारों से इसे अलग करती है।
उल्लेखनीय है कि इस कार को उतारे जाने के एक महीने के भीतर यह देश की 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल हो गई थी। एस-प्रेसो देश में ही डिजाइन और विकसित वाहन है। इसे भारत और दुनिया के अन्य देशों के लिए विकसित किया गया है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved