
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को भाजपा ने अपनी आन का प्रश्न बना लिया है। नगर निगम की हैसियत रखने वाली दिल्ली विधानसभा की फतह के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूरे देश की ताकत झोंकते हुए दिल्ली के कुल 256 मंडलों के लिए राजग के सभी 256 सांसदों को झोंक दिया है। ये सांसद न केवल खुद प्रचार करेंगे, बल्कि जीत की रणनीति भी बनाएंगे। दिल्ली में भाजपा के 256 मंडल हैं। राजग के सांसदों के साथ बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने दिल्ली के हर मंडल की जिम्मेदारी एक सांसद को सौंपी है। सभी सांसद आज से 3 फरवरी की शाम तक चुनाव प्रचार करेंगे।
साथ ही संसद के बजट सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। दिल्ली के चुनाव में केंद्रीय मंत्री और दिल्ली के सांसद पहले ही मोर्चे पर तैनात हैं। अब भाजपा के सहयोगी दलों को भी दिल्ली के मोर्चे पर तैनात किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली का विधानसभा चुनाव भाजपा अपने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के दो सहयोगी दलों जदयू और लोजपा (रामविलास) के साथ मिलकर लड़ रही है। वहीं शिवसेना समेत अन्य दलों ने भी भाजपा को दिल्ली में समर्थन दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved