
इंदौर। साल के सबसे गर्म महीने कहे जाने वाले मई की शुरुआत हो चुकी है। शहर में सबसे ज्यादा गर्मी इसी महीने में देखने को मिलती है। 31 साल पहले तो मालवा का सुकूनभरा इंदौर निमाड़ जैसा गर्म हो गया था। अब से 31 साल पहले 1994 में मई में इंदौर भ_ी की तरह तपने लगा था। 31 मई 1994 को पारा 46 डिग्री पर जा पहुंचा था, जो इंदौर के इतिहास में मई का सबसे ज्यादा तापमान है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस साल मई ज्यादा गर्म नहीं रहेगा। पहले सप्ताह में ही बारिश देखने को मिलेगी, जिसके बाद पहला पखवाड़ा ठंडा ही बीतेगा।
मौसम विभाग के अनुसार मई माह में औसत अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहता है। वहीं औसत न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री तक जाता है। शहर में इस माह में अकसर लू भी देखने को मिलती है। इस माह में अकसर बारिश भी देखने को मिलती है। इंदौर में मई माह की औसत वर्षा 13.4 मिलीमीटर है। मई में मौसम बदलने से कभी-कभी तापमान में काफी गिरावट भी देखने को मिलती है। अब से 143 साल पहले 3 मई 1881 को इंदौर में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री तक चला गया था, जो मई का सबसे कम तापमान है। वहीं मौसम विभाग के रिकार्ड के मुताबिक मई में सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड अब से 138 साल पहले 1886 में बना था। तब इंदौर में मई माह में सवा चार इंच बारिश रिकार्ड की गई थी। इसी साल एक ही दिन में सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड 29 मई को बना था, जब 24 घंटे में करीब चार इंच बारिश हुई थी। वहीं दो साल पहले 2023 की ही बात करें तो मई में तीन इंच बारिश रिकार्ड की गई थी, जो पिछले 10 सालों में सर्वाधिक है।
5 से 7 मई के बीच बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और अरब सागर की ओर से नमीभरी हवाओं के आने के कारण मौसम बदल रहा है। आज और कल तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच रहेगा। इसके बाद तापमान में कमी आएगी। 5 से 7 मई के बीच शहर में बारिश की भी संभावना है। इस दौरान तापमान में और कमी आएगी और पारा गिरकर 31 डिग्री तक जाने का अनुमान है। तापमान में कमी 15 मई तक बनी रहेगी। मौसम साफ होने के बाद भी 15 मई तक तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच ही रहेगा।
एक नजर 10 सालों में मई के मौसम पर
वर्ष अधि. तारीख न्यू. तारीख कुल वर्षा
2015 43.5 19 23.2 16 0.8
2016 44.5 19 19.9 9 20.4
2017 42.8 26 19.6 9 9.5
2018 43.2 29 22.6 4 2.4
2019 42.5 29,31 21.2 5 0.1
2020 42.4 25,26 22.5 11 7.4
2021 40.6 1 21 20 29.8
2022 43.4 13 23 4 0
2023 42.7 13 18.9 1 76.8
2024 44.5 23 21.4 2 21
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार, तापमान डिग्री सेल्सियस में, वर्षा मिलीमीटर में)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved