img-fluid

सारी रात झमाझम, साढ़े 6 घंटे में साढ़े 4 इंच बारिश

October 04, 2025

  • पिछले 10 सालों में पूरे अक्टूबर में इतनी बारिश नहीं हुई, जितनी एक रात में हो गई
  • – जमकर गरजे, झूमकर बरसे बादल
  • – इंदौर में जून से अब तक की बारिश 42 इंच से ज्यादा

इन्दौर। शहर में कल रात जोरदार बारिश हुई। बादल जमकर गरजे और झूमकर बरसे। रात 11 बजे से सुबह 5.30 बजे के बीच महज साढ़े 6 घंटे में साढ़े 4 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। बारिश इतनी तेज थी कि पूरे शहर की सडक़ें लबालब हो गईं और निचली बस्तियों में पानी तक भर गया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी शहर में बारिश की संभावना है।

रात को जब लोग नींद में थे, तब बादलों की तेज गडग़ड़ाहट से चौंककर जागे। रात करीब 11 बजे शुरू हुई बारिश पहले तो हलकी ही थी, लेकिन कुछ ही देर में यह इतनी तेज हो गई कि कुछ ही दूरी पर देख पाना संभव नहीं था। इसके कारण सडक़ों पर वाहनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक रात 11 से सुबह 5.30 बजे के बीच 4.51 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि कल दिनभर मौसम खुला रहा। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 35 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। तेज बारिश के कारण रात को दृश्यता घटकर 800 मीटर तक रह गई थी। मौसम वैज्ञानिकों ने आज भी शहर में मध्यम बारिश की संभावना जताई है।


इंदौर ने लगाया बारिश का अर्धशतक
मौसम विभाग द्वारा मानसूनी बारिश की गणना 1 जून से 30 सितंबर तक की जाती है। इस दौरान इंदौर में 37.7 इंच बारिश हुई थी। इसके बाद होने वाली बारिश को पोस्ट मानसून बारिश कहा जाता है, जिसमें कल रात हुई 4.51 इंच बारिश शामिल है। वहीं मानसून से पहले मई में इंदौर में 8.1 इंच बारिश हुई थी। इस तरह मई से अब तक हुई बारिश का कुल आंकड़ा 50.31 इंच पर पहुंच चुका है, यानी इस बारिश के मौसम में इंदौर ने अर्धशतक लगा दिया है।

अक्टूबर में 10 सालों में इतनी बारिश नहीं
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 10 सालों में पूरे अक्टूबर माह में कभी भी इतना पानी नहीं आया है, जितना कल की रात में बरस गया। पिछले 10 सालों की बात करें तो अक्टूबर माह में अब से पहले सबसे ज्यादा बारिश 2021 में 2.1 इंच के रूप में दर्ज है। वहीं इस साल अब तक ही 4.51 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है और मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना भी जताई है, जिससे यह आंकड़ा और बढ़ेगा।
एक नजर पिछले अक्टूबर की बारिश पर
वर्ष बारिश
2015 5
2016 37.7
2017 2.5
2018 .6
2019 25.5
2020 42.4
2021 53.8
2022 45.5
2023 0
2024 24.1
2025 114.7

गर्मी में मिलेगी राहत
इस साल शहर में अच्छी बारिश हुई है। मानसून के आखिरी दिनों में भी भरपूर बारिश के कारण भूजल स्तर बढऩे के साथ ही सभी तालाब भी लबालब हो चुके हैं। इस साल शहर को गर्मी में जलसंकट से नहीं जूझना पड़ेगा। पिछले साल कम बारिश होने के कारण बोरिंग अप्रैल में ही सूखने लगे थे और शहर में लोगों को पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ा था।

Share:

  • पढ़ने लिखने की उम्र में स्टूडेंट्स ने खुद कमा कर कैंसर मरीजो के इलाज के लिए 5 लाख रुपये दान में दिए

    Sat Oct 4 , 2025
    9 से 12 वीं क्लास के बच्चो के जज्बातों को सलाम दान देने के अलावा हॉस्पिटल में घंटों श्रमदान भी किया इन्दौर। जिस उम्र में बच्चे या स्टूडेंट्स लिखते -पढ़ते और मौज मस्ती करते नजर आते हैं, उस उम्र में इंदौर के स्टूडेंट्स ने सोशल कम्युनिटी सर्विस मतलब समाज सेवा के लिए एनजीओ ग्रुप बनाकर […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved