
12 कॉलोनी की भी होगी प्रतियोगिता
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष (Centenary Year) के मौके पर स्वदेशी (Indigenous) पर आधारित इंदौर (Indore) की अब तक की सबसे बड़ी 4000 वर्गफीट की रंगोली (Rangoli) को आकार देने के लिए महाराष्ट्र से विश्व रिकार्ड धारक इंदौर पहुंच गई।
महाराष्ट्र समाज, तरुण मंच एवं आध्यात्मिक साधना मंडल द्वारा दीपावली के अवसर पर आज व कल स्वदेशी थीम पर आधारित शहर की सबसे बड़ी रंगोली लता मंगेशकर सभागृह पार्किंग परिसर में बनेगी। इस आयोजन के संयोजक प्रशांत बड़वे ने बताया कि इस रंगोली को आकार देने के लिए महाराष्ट्र की विश्व रिकॉर्ड धारक कलाकार अमृता सेनाड़ आ गई हैं। इस आयोजन का शुभारंभ आज दोपहर 4 बजे विधायक मधु वर्मा, संभाग आयुक्त सुदाम खाड़े, प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी परीक्षित झाड़े तथा मिलिंद महाजन द्वारा किया जाएगा। इस दौरान राजेन्द्र नगर व आसपास की 25 से भी अधिक कॉलोनियों के रहवासियों हेतु रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के महिला-पुरुष भाग ले सकते हैं। रंगोली दो प्रकार की बनाई जा सकती हैं- फ्री हैंड व बिंदी वाली। प्रत्येक विधा में बनाई गई रंगोली को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार पृथक-पृथक दिए जाएंगे। प्रतियोगिता हेतु 12 क्षेत्र निर्धारित हैं तथा प्रत्येक क्षेत्र हेतु अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें यह आवश्यक है कि रंगोली न्यूनतम 3&5 फीट तथा अधिकतम 5&5 फीट आकार की होनी चाहिए। प्रतिभागी को रंगोली लता मंगेशकर सभागृह वीआईपी परस्पर नगर के पार्किंग स्थल में आकर निर्धारित स्थल पर बनाना है। रंगोली 18 एवं 19 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 7 बजे के मध्य आकर बनाई जा सकती है। निर्णायकगण रंगोली का अवलोकन करने 19 अक्टूबर की शाम 7 से रात्रि 8 बजे के मध्य आएंगे। वैशाली नगर व अहिल्या नगर, सिल्वर ऑक्स कॉलोनी व प्रभु नगर, विशाल नगर व सुदर्शन नगर, विज्ञान नगर व वीआईपी परस्पर स्लाइस 3, वीआईपी परस्पर स्लाइस 4, प्रगति नगर व पाराशर नगर, धन्वंतरि नगर व तिवारी नगर, राजेंद्र नगर, जवाहर नगर व हाइट्स, दत्त नगर व वीर सावरकर नगर, ट्रेजर फैंटेसी व शुभम ग्रीन, सांई रॉयल पाम, सिलिकॉन सिटी व आसपास के क्षेत्र के रंगोली प्रतियोगिता के समूह बनाए गए हैं। इनमें से हर समूह के लिए अलग-अलग पुरस्कार की व्यवस्था रखी गई है।